शेखपुरा, 14 जनवरी (आईएएनएस)। केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के संसदीय क्षेत्र नवादा के बरबीघा इलाके में उनके ‘लापता’ होने को लेकर पोस्टर लगाए गए हैं। पोस्टर किसने लगाए, इसका खुलासा अब तक नहीं हो पाया है।
ये पोस्टर बरबीघा विधानसभा के कई क्षेत्रों में चिपकाए गए हैं। पोस्टर में उनके चित्र के साथ उनकी उपलब्धियों पर तंज कसते हुए लिखा गया है, “लोकसभा चुनाव जीतने के बाद बरबीघा क्षेत्र से लापता हैं।”
उक्त पोस्टर बरबीघा के बस स्टैंड, मिशन चौक समेत कई अन्य स्थानों पर चिपकाए गए हैं।
इधर, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता इस पोस्टर के पीछे शरारती तत्व का हाथ बता रहे हैं। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कारू सिंह कहते हैं कि इस पोस्टर के पीछे किसी शरारती तत्व का हाथ है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह केन्द्रीय मंत्री भी हैं। उन पर अपने संसदीय क्षेत्र के साथ-साथ पूरे देश की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सांसद विकास के कार्यो में लगे हुए हैं। उन्होंने दावा किया किया कि सांसद बनने के बाद सिंह लगातार अपने क्षेत्र में आते रहे हैं, परंतु यह संभव नहीं है कि वह यहीं बैठे रहें।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि ऐसे पोस्टरों तो हटा दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।
dharmpath.com dharmpath