गिलानी व मीरवाइज नजरबंद, मलिक हिरासत में (लीड-1)

श्रीनगर, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर में तनाव के बीच गुरुवार को अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी और मीरवाइज उमर फारूक को नजरबंद कर दिया गया, जबकि यासीन मलिक को हिरासत में ले लिया गया।

शिया समुदाय के मुहर्रम जुलूस को रोकने के लिए श्रीनगर के कुछ हिस्सों में प्रतिबंध लगाया गया है, जबकि जम्मू एवं कश्मीर के अनंतनाग और बिजबेहड़ा कस्बों में कर्फ्यू लगाया गया है। यह जानकारी प्रशासन ने दी।

यहां बुधवार की झड़प के बाद तनाव बढ़ने की वजह से अबी गुजर और लाल चौक क्षेत्रों में जुलूस पर पाबंदी लगाई गई है।

बिजबेहड़ा कस्बे में सुरक्षाबलों और पथराव कर रही भीड़ के बीच झड़प में नसीर अहमद डार (25) नाम का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सुरक्षाबलों द्वारा छोड़ा गया आंसूगैस का गोला डार के सिर पर लगा था।

मलिक को उस वक्त एहतियातन हिरासत में ले लिया गया, जब वह डार का हालचाल पूछने गए थे।

डार का इलाज कर रहे एक चिकित्सक ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया, “ऑपरेशन के बाद मरीज को अस्पताल की केयर यूनिट में भर्ती कर दिया गया है। उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। वह अभी खतरे से बाहर नहीं है।”

एक पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “हमने शहर में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए आज (गुरुवार) मुहर्रम जुलूस पर पाबंदी लगाई है।”

गिलानी के कई समर्थकों को भी अपने नेता के समर्थन में जुलूस निकालने की कोशिश में हिरासत में लिया गया।

वर्ष 1990 के बाद से प्रशासन मुहर्रम के महीने की 8 तारीख के जुलूस को श्रीनगर में निकालने की अनुमति देने से मना करता रहा है।

हालांकि, श्रीनगर के बाहरी इलाकों और घाटी के कई इलाकों में मुहर्रम के जुलूस निकलते हैं। शिया समुदाय के इन जुलूसों में सुन्नी समुदाय के लोग भी बड़ी संख्या में हिस्सा लेते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493