नडियाड (गुजरात), 18 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य गुजरात के खेड़ा जिले में नडियाड कस्बे में सोमवार को क्लोरीन गैस का रिसाव होने से 22 व्यक्तियों की हालत बिगड़ गई।
नडियाड में 250 घरों को खाली करवा लिया गया है।
खेड़ा जिले के कलेक्टर कुलदीप आर्य ने बताया कि प्रगतिनगर इलाके में गैस का रिसाव हुआ है। इस इलाके में पानी की टंकी भी मौजूद है।
अधिकारी ने बताया कि गैस रिसाव से बीमार पड़े सभी 22 लोगों को सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है तथा किसी की भी हालत गंभीर नहीं है। हालांकि, कुछ वृद्ध पीड़ितों को ऑक्सीजन दी जा रही है।
उन्होंने कहा, “सार्वजनिक आपूर्ति से पहले पानी को स्वच्छ करने के लिए आए क्लोरीन गैस के टैंकर जलापूर्ति विभाग परिसर में खड़े थे। इन्हीं टैंकरों से गैस का रिसाव हुआ, जिसके बाद कुछ स्थानीय निवासियों ने सांस लेने में कठिनाई की शिकायत की। इस पर उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया।”
जिला प्रशासन ने इसके बाद स्थानीय निवासियों को इलाका खाली करने की घोषणाएं करवाईं। एहतियातन पूरे इलाके को खाली करवा लिया गया।
गौरतलब है कि क्लोरीन को जहरीली गैस नहीं माना जाता, लेकिन अधिक मात्रा में यदि यह गैस श्वास नली में चली जाए तो घातक हो सकती है।
गैस रिसाव को रोकने के लिए 14 बचावकर्मी और अग्निशमन विभाग के 30 से अधिक कर्मचारी प्रयासरत हैं।
dharmpath.com dharmpath