गुजरात के मुख्यमंत्री का चुनाव पार्टी विधायकों में से होगा : भाजपा (राउंडअप)

नई दिल्ली/गांधीनगर, 3 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संसदीय बोर्ड ने बुधवार को तय किया कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह आनंदीबेन पटेल के उत्तराधिकारी नहीं होंगे। नए मुख्यमंत्री का चुनाव मौजूदा विधायकों के बीच से होगा और इसके लिए गुरुवार या शुक्रवार को गांधीनगर में विधायक दल की बैठक होगी। प्रदेश की मुख्यमंत्री आनंदीबेन का इस्तीफा पार्टी की इस शीर्ष समिति ने स्वीकार कर लिया।

पार्टी नेतृत्व ने हालांकि अगले मुख्यमंत्री के नामों पर कुछ नहीं कहा है लेकिन इतना कहा है कि उत्तराधिकारी मौजूदा विधायकों में से ही चुना जाएगा।

मुख्यमंत्री पद के लिए जिन नामों की चर्चा है उनमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विजय रूपानी, राज्य के मंत्री नितिन पटेल, विधानसभा अध्यक्ष गणपत वासवा और प्रदेश महासचिव भीकू भाई दालसानिया हैं।

संसदीय कार्य मंत्री एम वेंकैया नायडू ने यहां भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद इसकी घोषणा करते हुए कहा कि अगले मुख्यमंत्रा का चुनाव राज्य के मौजूदा पार्टी विधायकों में से ही होगा।

गुरुवार या शुक्रवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए होने वाली बैठक में विधायक होने के नाते शाह भी मौजूद रहेंगे।

बैठक में भाजपा महासचिव सरोज पांडे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी भी केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर मौजूद रहेंगे।

इससे पहले पार्टी ने घोषणा की थी कि वह गुरुवार को विधायक दल की बैठक करेगी लेकिन गडकरी का पहले से कहीं और कार्यक्रम तय होने से इस बैठक का समय एक या दो दिन बढ़ सकता है।

आनंदी बेन ने इस्तीफे की पेशकश स्वीकार किए जाने के बाद शाम को राज्यपाल ओ.पी. कोहली को इस्तीफा सौंप दिया।

अपने उत्तराधिकारी का चुनाव होने तक वह कार्यकारी मुख्यमंत्री बनी रहेंगी।

भाजपा गुजरात के प्रभारी दिनेश पटेल ने गांधीनगर में संवाददाताओं से कहा कि पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह के पहुंचने के बाद भाजपा विधायक दल की बैठक में आनंदीबेन के उत्तराधिकारी का चुनाव होगा।

उन्होंने घोषणा की कि शुक्रवार को दोपहर बाद तीन बजे तक नए मुख्यमंत्री की घोषण हो सकती है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 7 रेस कोर्स में हुई बैठक में आनंदी बेन पटेल के इस्तीफे को स्वीकार किया गया और इस बात को भी स्पष्ट किया गया कि अमित शाह, गुजरात के अगले मुख्यमंत्री नहीं होंगे।

नायडू ने भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद कहा, “वह (अमित शाह) भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और उनके नेतृत्व में पार्टी ने ऊंचाइयों को छुआ है। पार्टी को उनके नेतृत्व की जरूरत है। राज्य के मुख्यमंत्री का चुनाव मौजूदा पार्टी विधायकों में से ही होगा।”

उन्होंने संवाददाताओं को बताया, “वह (शाह) गुजरात के नए मुख्यमंत्री के चुनाव के लिए राज्य के पार्टी विधायकों की होने वाली बैठक की अध्यक्षता करेंगे।”

आनंदी बेन पटेल को देश के कई लोगों के लिए ‘प्रेरणा’ करार देते हुए नायडू ने कहा कि उन्होंने संतोषजनक रूप से गुजरात की मुख्यमंत्री होने की जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने कहा कि पटेल ने 75 वर्ष की आयु पूरी होने पर पद छोड़ने की पेशकश कर सभी के सामने एक मिसाल पेश की है।

नायडू ने कहा, “वह पिछले 18 साल से गुजरात सरकार की मंत्री रही हैं। उन्होने काफी संतोषजनक रूप से मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला। पार्टी उनके द्वारा राज्य के विकास के लिए किए गए कार्यो की सराहना करती है।”

आनंदी गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री हैं और भाजपा की परंपरा को कायम रखते हुए उन्होंने इस्तीफा देने की इच्छा जाहिर की।

भाजपा की परंपरा के अनुसार, पार्टी के सभी नेता 75 साल की उम्र में पहुंचने पर अपने पद से इस्तीफा दे देते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493