नई दिल्ली, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)।कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव के परिणाम दिल्ली व बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम के ही तर्ज पर हैं, जहां से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का सफाया हो गया।
कांग्रेस प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि कांग्रेस राज्य के 31 में से 21 जिला पंचायत में जीत दर्ज करा चुकी है।
सिंघवी ने कहा कि उनकी पार्टी ने मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल के तालुका में भी जीत दर्ज की है।
उन्होंने कहा, “हम हर जगह निरंतर भाजपा की हार देख रहे हैं, चाहे वह दिल्ली, बिहार या अब गुजरात हो।”
उन्होंने कहा कि पार्टी ने मतदान से पहले मतदाताओं के नाम हटाने की शिकायत की थी।
उन्होंने कहा, “यदि आप विधानसभा सीटों के संदर्भ में विश्लेषण करें, तो भारी संख्या में तालुका व पंचायत सीटें हमारे खाते में गई हैं।”
नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद मुख्यमंत्री के रूप में आनंदी बेन पटेल के सत्ता पर काबिज होने के बाद उनके लिए लोकप्रियता की यह पहली परीक्षा थी।
dharmpath.com dharmpath