गुड़गांव, 13 अगस्त (आईएएनएस)। हरियाणा पुलिस ने महिलाओं की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शनिवार को गुड़गांव के मानेसर पुलिस थाने में एक महिला सहायता डेस्क स्थापित किया। पुलिस आयुक्त नवदीप सिंह विर्क ने यह घोषणा की।
हरियाणा पुलिस ने 18 अगस्त को रक्षा बंधन के त्योहार से पहले यह खास पहल शुरू की है।
विर्क ने डेस्क का उद्घाटन करने के बाद कहा कि हरियाणा सरकार राज्य में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
विर्क ने समारोह में मौजूद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, महिलाओं, कंपनी के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले साल (2015) रक्षा बंधन के मौके पर राज्य के हर जिले में महिला पुलिस स्टेशन स्थापित किए गए थे।
विर्क ने कहा, “हरियाणा सरकार और पुलिस विभाग द्वारा महिलाओं की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी सरहाना की जा रही है और यूरोप का एक अग्रणी राष्ट्रीय टेलीविजन चैनल इस (सभी महिला पुलिस स्टेशनों) पर वृत्तचित्र बना रहा है।”
पुलिस उपायुक्त (पूर्व) दीपक सहारन को डेस्क का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
इस मौके पर सहायक पुलिस आयुक्त (सदर) धरणा यादव ने कहा कि हर रोज सुबह नौ बजे से लेकर शाम पांच बजे तक डेस्क पर एक महिला सब इंस्पेक्टर और दो लेडी कांस्टेबल तैनात रहेंगी।
धरना यादव ने बताया कि डेस्क पर तैनात अधिकारी पीड़ितों को उनके अधिकारों के बारे में बताएंगे और उन्हें कानून के दायरे में सभी प्रकार की कानूनी सहायता तत्काल मुहैया कराएंगे।
dharmpath.com dharmpath