चंडीगढ़, 1 मार्च (आईएएनएस)। अपने विवादित बयानों से अक्सर सुर्खियों में रहने वाले हरियाणा के खेल मंत्री अनिल विज ने बुधवार को दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा गुरमेहर कौर की निंदा की। वहीं, गुरमेहर को पंजाब में पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई है।
विज ने कहा कि लेडी श्रीराम कॉलेज की छात्रा ‘अपने पिता की शहादत पर राजनीति’ कर रही है।
जालंधर में अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा के लिए गुरमेहर के घर पर दो महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। वह मंगलवार को नई दिल्ली से अपने घर जालंधर के लिए रवाना हो गई थी।
गुरमेहर ने मंलवार को कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय में हिंसा के लिए जिम्मेदार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के खिलाफ सोशल मीडिया पर शुरू की गई अपनी मुहिम को वह वापस ले रही हैं।
विज ने यहां से 45 किलोमीटर दूर अंबाला में कहा, “वह अपने पिता की शहादत पर राजनीति कर रही है। उसने पाकिस्तान को क्लीन चिट दे दिया, जो लंबे वक्त से भारत के साथ प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर लड़ाई लड़ रहा है।”
मंत्री विज ने संवाददाताओं से कहा, “जो भी लोग गुरमेहर कौर का समर्थन कर रहे हैं, वे सभी पाकिस्तान समर्थक हैं। इस तरह के लोगों को भारत में रहने का अधिकार नहीं है और उन लोगों को देश से बाहर फेंक देना चाहिए।”
एबीवीपी के कार्यकर्ताओं पर दिल्ली विश्वविद्यालय के परिसर में 22 फरवरी को छात्रों तथा शिक्षकों से मारपीट करने का आरोप है। इस घटना से एक दिन पहले रामजस कॉलेज में एक संगोष्ठी में वक्ता के तौर पर जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र उमर खालिद को बुलाए जाने के खिलाफ एबीवीपी ने कार्यक्रम को रद्द करवा दिया था।
पिछले साल जेएनयू में एक कार्यक्रम के दौरान कथित तौर पर देश विरोधी नारे लगाए जाने को लेकर उमर खालिद पर देशद्रोह का आरोप लगाया गया था और जेल भेज दिया गया था। बाद में उसे जमानत मिल गई थी।
घटना के बाद जब गुरमेहर ने एबीवीपी को आड़े हाथ लिया, तो उसे हत्या व दुष्कर्म की धमकियां दी गईं।
गुरमेहर के दादा कंवलजीत सिंह ने मंगलवार को अपनी पोती का समर्थन करते हुए कहा कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया।
वहीं, लेडी श्रीराम कॉलेज के शिक्षकों ने भी उनका बचाव किया।
dharmpath.com dharmpath