पुणे की पिच चुनौतीपूर्ण थी : विजय

बेंगलुरू, 1 मार्च (आईएएनएस)। भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज मुरली विजय ने बुधवार को आस्ट्रेलिया के साथ पुणे में हुए पहले टेस्ट मैच की पिच का बचाव करते हुए कहा कि वह पिच खराब नहीं बल्कि चुनौतीपूर्ण थी।

उल्लेखनी है कि मैच रेफरी क्रिस ब्रॉड ने पुणे के महाराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम की पिच को ‘खराब’ रेटिंग दी है और आईसीसी ने पिच को लेकर बीसीसीआई से जवाब भी मांगा है।

पुणे टेस्ट में भारत को 333 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। यह मैच तीन दिन में ही खत्म हो गया था।

स्पिन की मददगार इस पिच पर आस्ट्रेलिया के स्पिन गेंदबाज स्टीव ओकीफ ने 12 विकेट लिए थे।

चार मैचों की श्रृंखला का दूसरा टेस्ट अब शनिवार से बेंगलुरू में खेला जाएगा।

विजय ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “पुणे की पिच खराब नहीं थी बल्कि यह चुनौतीपूर्ण विकेट थी। एक क्रिकेट खिलाड़ी के तौर पर हमें ऐसी विकेटों पर खेलना आना चाहिए। ऐसी पिचें जो आपकी तकनीक और खेल की परीक्षा लें उन पर आपको खेलना चाहिए।”

विजय ने आस्ट्रेलिया द्वारा पहली पारी में 260 रन बनाने पर अपने गेंदबाजों का बचाव भी किया।

उन्होंने कहा, “मेरा व्यक्तिगत तौर पर मानना है कि हमारे गेंदबाजों ने अच्छा काम किया। पहली पारी में पिछड़ने के बाद मैच मुश्किल हो जाता है। हमने अच्छा नहीं खेला।”

विजय ने कहा कि टीम अब अपनी गलतियों पर काम कर रही है और उसका पूरा ध्यान अगले मैच पर है।

उन्होंने कहा, “हमारी इसे लेकर बात हुई। हम उन पहलुओं पर काम कर रहे हैं जहां हम पिछले मैच में कमजोर थे। हम नए सिरे से शुरुआत करेंगे और इस बार कैच नहीं छोड़ेंगे।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493