गुरमेहर ने एबीवीपी के खिलाफ अभियान वापस लिया (लीड-1)

नई दिल्ली, 28 फरवरी (आईएएनएस)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के खिलाफ अभियान शुरू करने वाली दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा गुरमेहर कौर ने दुष्कर्म और हत्या की धमकियां मिलने के बीच मंगलवार को अपना अभियान वापस ले लिया।

गुरमेहर का अभियान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।

गुरमेहर ने ट्वीट कर कहा, “मैं यह अभियान वापस ले रही हूं। सभी को बधाई। मैं आपसे मुझे अकेला छोड़ देने का आग्रह करती हूं। मुझे जो कुछ भी कहना था, मैंने कह दिया है..।”

दिल्ली विश्वविद्यालय के लेडी श्रीराम कॉलेज की छात्रा और कारगिल युद्ध में शहीद हुए कैप्टन मंदीप सिंह की बेटी गुरमेहर ने कहा, “मैंने बहुत कुछ सहा है और मेरी 20 साल उम्र के लिहाज से यह बहुत है।”

हालांकि, उन्होंने छात्रों से मंगलवार के मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने कहा, “यह अभियान छात्रों के लिए है, मेरे लिए नहीं। अधिक से अधिक संख्या में मार्च में शामिल हों। शुभकामनाएं।”

उन्होंने कहा, “मेरी बहादुरी और साहस पर सवाल उठाने वालों से सिर्फ इतना ही कहना चाहती हूं कि मैंने बहुत कुछ कर दिखाया है।”

गुरमेहर ने रामजस कॉलेज में आयोजित एक सेमीनार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा जबरन रद्द कराए जाने के बाद सोशल मीडिया पर अभियान छेड़ा था।

एबीवीपी पर अगले दिन विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों, प्राध्यापकों और पत्रकारों पर हमले का आरोप लगा।

गुरमेहर ने फेसबुक पर प्लेकार्ड लिए अपना एक फोटो साझा किया था, जिस पर लिखा था, “मैं दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा हूं। मैं एबीवीपी से नहीं डरती। मैं अकेली नहीं हूं। देश का हर छात्र मेरे साथ है।”

इसके बाद उन्हें सोशल मीडिया पर ‘राष्ट्र-विरोधी’ करार देते हुए दुष्कर्म और जान से मारने की धमकियां दी गईं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493