नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुम्बई में शिवसेना की धमकी के कारण पाकिस्तान के विख्यात गजल गायक गुलाम अली का संगीत कार्यक्रम रद्द होने के बाद दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने गुरुवार को उन्हें राष्ट्रीय राजधानी में प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया।
गुलाम अली का यह कन्सर्ट दिवंगत गजल गायक जगजीत सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि के रूप में आयोजित किया गया था, जिसके तहत उन्हें इस सप्ताह मुंबई और पुणे में प्रस्तुति देनी थी। लेकिन शिवसेना ने उनके ‘लाइव कन्सर्ट’ को बाधित करने की धमकी दी थी, जिसके कारण बुधवार को इसे रद्द कर दिया गया।
इन सबसे निराश दिल्ली के पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा ने गुलाम अली को दिल्ली में ‘लाइव कन्सर्ट’ का आमंत्रण दिया।
उन्होंने ट्विटर पर लिखा, “यह दु:खद है कि गुलाम अली को मुंबई में संगीत प्रस्ततुति की अनुमति नहीं दी जा रही है। मैं उन्हें दिल्ली में कन्सर्ट के लिए आमंत्रित करता हूं। संगीत की कोई सीमा नहीं होती।”
वहीं, गुलाम अली (75) ने भी कार्यक्रम रद्द किए जाने पर निराशा जताते हुए कहा कि यह बेहद दु:खद है, क्योंकि इसका आयोजन जगजीत सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए किया गया था, जो उनके भाई की तरह थे।
dharmpath.com dharmpath