गेल से मिलना मुश्किल, सैमी से आसान : स्टेफनी

मुंबई, 30 मार्च (आईएएनएस)। वेस्टइंडीज की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान स्टेफनी टेलर ने कहा है कि विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल से मुलाकात करना मुश्किल होता है, लेकिन पुरुष टीम के कप्तान डैरेन सैमी से मिलना आसान है। महिला क्रिकेट टीम ज्यादातर सैमी से बात करना पसंद करती है।

वेस्टइंडीज की महिला टीम को विश्व कप के दूसरे सेमीफाइनल में गुरुवार को वानखेडे स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलना है।

वेस्टइंडीज की महिला टीम ग्रुप दौर में इंग्लैंड के खिलाफ एक ही मैच हारी थी। उसने पाकिस्तान, बांग्लादेश और भारत को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

मैच से पहले संवाददात सम्मेलन में टेलर ने कहा, “क्रिस गेल से मिलना मुश्किल होता है लेकिन सैमी से मिलना आसान। उन्हें बातें करना पसंद है। वह अच्छे इंसान हैं। हमेशा सकारात्मक रहते हैं। हमें गेल के मुकाबले सैमी से बात करना पसंद है।”

स्टेफनी टेलर वेस्टइंडीज की टीम में अभी तक लगातार अच्छा प्रदर्शन करती आ रही हैं। उन्होंने अपने चार मैचों में 162 रन बनाए हैं। वह महिला विश्व कप में तीसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली खिलाड़ी हैं।

टेलर ने कहा, “मैं अपने गेंदबाजी आक्रमण से काफी संतुष्ट हूं। मुझे लगता है हमारा गेंदबाजी आक्रमण इस विश्व कप में सबसे अच्छा है। इसलिए हम कितना भी स्कोर करें, हमारी गेंदबाज उसे बचा सकती हैं।”

दूसरी तरफ न्यूजीलैंड की महिला टीम अपने चारों मैच जीत कर सेमीफाइनल में पहुंची है। टीम काफी हद तक कप्तान सुजी बेट्स पर निर्भर करेगी। उन्होंने अभी तक खेले गए चार मैचों में 171 रन बनाए हैं। वह विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज हैं।

सुजी ने टीम को प्रोत्साहित करने के लिए हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने वाले अपने हमवतन पुरुष खिलाड़ी ब्रेंडन मैकुलम का शुक्रिया अदा किया है।

उन्होंने कहा, “ब्रेंडन हमेशा ही क्रिकेट के बारे में बात करने को तैयार रहते हैं। कई महिला खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड क्रिकेट अवार्ड समारोह में उनसे बात की। उनके करियर और 2015 विश्व कप के दौरान उनकी बल्लेबाजी से महिलाएं काफी प्रभावित हुई थीं। हमें उनसे प्रेरणा मिलती है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493