गॉल टेस्ट : हेराथ ने झटके 7 विकेट, श्रीलंका से 63 रनों से हारा भारत (राउंडअप)

गॉल, 15 अगस्त (आईएएनएस)। स्पिन गेंदबाज रंगना हेराथ (48-7) की धारदार गेंदबाजी के बल पर गॉल अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में हुए पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन शनिवार को श्रीलंका ने बाजी पलटते हुए भारत को 63 रनों से मात दे दी और तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त ले ली।

चौथी पारी में 176 रनों के मामूली लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 49.5 ओवरों में 112 रन बनाकर ढेर हो गई। भारतीय टीम को पहली बार 200 रनों से कम के लक्ष्य का पीछा करते हुए हार मिली है।

भारतीय पारी ध्वस्त करने में थारिंदू कौशल ने हेराथ का भरपूर साथ दिया और तीन विकेट चटकाए। दूसरी पारी में फेंके गए कुल 49.5 ओवरों में इन दोनों गेंदबाजों ने अकेले 38.5 ओवर गेंदबाजी की।

श्रीलंका के लिए हालांकि दूसरी पारी में 162 रन बनाने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश चांडीमल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। कप्तान एंजेलो मैथ्यूज ने भी चांडीमल की तारीफ की और कहा कि उन्होंने अकेले दम पर श्रीलंका को मैच मे बनाए रखा।

भारत के लिए दूसरी पारी में अजिंक्य रहाणे (36) बल्ले से सर्वाधिक योगदान दे सके, जबकि शुक्रवार को नाबाद लौटे सलामी बल्लेबाज शिखर धवन (23) का संघर्ष 83 गेंदों तक टिक सका।

दोनों बल्लेबाजों के अलावा इशांत शर्मा (10) और अमित मिश्रा (15) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके।

शुक्रवार को एक विकेट पर 23 रन के स्कोर से आगे खेलने उतरी भारतीय टीम भोजनकाल तक 78 रनों के कुल योग पर सात विकेट गंवा चुकी थी।

पहले दिन पवेलियन लौटने वाले सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल (5) के अलावा रोहित शर्मा (4), कप्तान विराट कोहली (3) और रिद्धिमान (2) बिल्कुल संघर्ष नहीं कर सके और सस्ते में पवेलियन लौट गए।

दूसरे सत्र में निचले क्रम पर अश्विन और मिश्रा ने रहाणे का साथ निभाते हुए छोटी-छोटी साझेदारियां कीं, हालांकि वे सिर्फ भारत की हार को थोड़ी देर टाल भर सके।

ऐसा दूसरी बार है जब भारतीय टीम चौथी पारी में 200 से कम के स्कोर का पीछा करते हुए हारी है। इससे पहले भारत को वेस्टइंडीज ने 1997 में ऐसी ही परिस्थिति में मात दी थी।

भारत ने अश्विन (46-6) की बदौलत टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका की पहली पारी 183 पर समेटने के बाद अपनी पहली पारी में धवन (134) और कोहली (103) की शानदार शतकीय पारियों के बल पर 375 रनों का स्कोर खड़ा किया था।

भारत के लिए पहली पारी में धवन, कोहली के अलावा साहा ने करियर की पहली अर्धशतकीय पारी खेली थी।

हेराथ पहली पारी में कोई विकेट हासिल नहीं कर सके थे, जबकि करियर का चौथा मैच खेल रहे कौशल ने पांच विकेट हासिल किए थे।

कौशल ने मैच में करियर का सर्वश्रेष्ठ (181-8) फिगर हासिल किया।

श्रीलंका ने दूसरी पारी में शुरुआती असफलताओं से उबरते हुए चांडीमल की दमदार पारी के बल पर 367 रन बनाए, हालांकी वे भारत के सामने चौथी पारी में जीत के लिए 176 रनों का मामूली लक्ष्य ही रख सके।

श्रीलंका के लिए दूसरी पारी में चांडीमल के अलावा कुमार संगकारा (40), कप्तान एंजेलो मैथ्यूज (39), लाहिरू थिरिमान्ने (44) और जेहान मुबारक (49) ने भी अहम पारियां खेलीं।

भारत के लिए स्पिन गेंदबाज अश्विन न मैच में 10 विकेट हासिल किए, जबकि मिश्रा ने पांच विकेट हासिल किए। हालांकि भारतीय टीम स्पिन गेंदबाजों की मेहनत को फलीभूत नहीं कर पाई।

दोनों टीमें अब 20 से 24 अगस्त के बीच कोलंबों में दूसरा मैच खेलेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493