गुवाहाटी, 2 फरवरी (आईएएनएस)। असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने पांच फरवरी से शुरू हो रहे 12वें दक्षिण एशियाई खेलों की सुरक्षा की समीक्षा की। समीक्षा बैठक में सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बल, खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों के साथ-साथ खेल अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
खेलों का आयोजन गुवाहाटी और मेघालय के शिलांग में हो रहा है। इसमें आठ देशों के करीब चार हजार खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
गोगोई ने मंगलवार को कहा, “सरकार ने खिलाड़ियों और दर्शकों की सुरक्षा तथा खेलों के सफल आयोजन का चाक-चौबंद इंतजाम किया है।”
मुख्यमंत्री ने सोमवार को बैठक में सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों ने इंतजामों पर संतोष जताया। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि खेल के दौरान राज्य की सांस्कृतिक विरासत को दिखाया जाए। साथ ही राज्य की पर्यटन की संभावनाओं को भी लोगों के सामने रखा जाए।
गोगोई ने असम के लोगों से भी खेल के दौरान खिलाड़ियों से अच्छे रिश्ते बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे असम के आतिथ्य सत्कार को खिलाड़ी बाद में भी याद रखेंगे।
dharmpath.com dharmpath