कांसेपसियन (चिली), 2 जुलाई (आईएएनएस)। अर्जेटीना की राष्ट्रीय फुटबाल टीम के कप्तान और एफसी बार्सिलोना के स्टार स्ट्राइकर लियोनेल मेसी ने कहा है कि वह अपने हिस्से गोल की कमी से परेशान नहीं हैं।
मेसी की देखरेख में अर्जेटीना ने मंगलवार को कोपा अमेरिका के सेमीफाइनल में पराग्वे को 6-1 के भारी अंतर से हराया और मेजबान चिली के खिलाफ फाइनल खेलने का हक हासिल किया।
मेसी ने इस मैच में भले ही एक भी गोल नहीं किया लेकिन इसके बावजूद वह मैन ऑफ द मैच बने क्योंकि उन्होंने तीन गोल करने में अपने साथियों की मदद की थी।
मैच के बाद संवाददाताओं से मुखातिब मेसी ने कहा, “मैं इस बात को लेकर परेशान नहीं कि व्यक्तिगत स्तर पर मैं गोल नहीं कर पा रहा हूं। हमने एक सम्पूर्ण मैच खेला। हमारा लक्ष्य जीत है और जब तक टीम जीतती रहेगी, मुझे कोई बात परेशान नहीं करेगी।”
मेसी की टीम को चार जुलाई को फाइनल में चिली से भिड़ना है। इस मैच को लेकर मेसी ने कहा, “यह फाइनल है और हम अपनी जीत को लेकर आशान्वित हैं। हमारे लिए कोपा अमेरिका खिताब काफी अहम होगा। मैं सही मायने में अपनी टीम के लिए कोई खिताब जीतना चाहता हूं।”
dharmpath.com dharmpath