गोवा चुनाव : ‘ओकरा’ के बाद ‘टॉर्च’ चुनाव चिन्ह पर आपत्ति

पणजी, 21 जनवरी (आईएएनएस)। निर्वाचन आयोग द्वारा एक निर्दलीय प्रत्याशी को ओकरा (भिंडी) चुनाव चिन्ह दिए जाने पर आम आदमी पार्टी (आप) की आपत्ति जताने के बाद अब टॉर्च चुनाव चिन्ह दिए जाने को लेकर बवाल खड़ा हो गया।

आप प्रवक्ता दिनेश वाघेला ने आईएएनएस से कहा कि एटानासियो मोनेसेरेट की यूनाइटेड गोअंस पार्टी को टॉर्च चुनाव चिन्ह दिए जाने पर आप ने निर्वाचन अयोग में शिकायत दर्ज कराई है, क्योंकि यह चिन्ह झाड़ू से मिलता-जुलता है।

वाघेला ने कहा, “हमने निर्वाचन आयोग से शिकायत की है। मतदाता आप के पक्ष में मतदान करने को बेताब हैं और वह झाड़ू व टॉर्च के चिन्ह के बीच भ्रमित हो सकते हैं।”

पणजी विधानसभा सीट पर त्रिकोणिय मुकाबला होने की उम्मीद है, जहां से आप के वाल्मिकी नाईक, यूनाइटेड गोअंस पार्टी के एटानासियो मोनसेरेट तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के पूर्व नेता सुभाष वेलिंगकर समर्थित गोवा सुरक्षा मंच के केतन भाटीकर चुनाव मैदान में हैं।

इस महीने की शुरुआत में आप की दिल्ली इकाई के नेताओं ने एक निर्दलीय प्रत्याशी को चुनाव चिन्ह ओकरा मिलने पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने दावा किया था कि यह चिन्ह झाड़ू से मिलता-जुलता है।

वाघेला ने यह भी कहा, “दिल्ली में हुए साल 2013 के चुनाव के बाद आप ने निर्वाचन आयोग से शिकायत की थी कि आप के चुनाव चिन्ह झाड़ू तथा एक निर्दलीय प्रत्याशी को दिए गए टॉर्च चुनाव चिन्ह की तस्वीर लगभग एक जैसी होने के कारण मतदाता मतदान के दौरान दिग्भ्रमित हुए। निर्वाचन आयोग ने निर्दलीय प्रत्याशियों को दिए जाने वाले चुनाव चिन्ह की सूची से टॉर्च को हटा दिया था। आप ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से दिल्ली की तरह ही गोवा चुनाव में भी टॉर्च चुनाव चिन्ह दिए जाने को लेकर शिकायत की।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493