बिहार : राज्य भाजपा कार्यकारिणी की बैठक शुरू

सीवान, 21 जनवरी (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना से दूर सीवान में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक शुरू हुई। इस बैठक में कई मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। दो दिनों तक चलने वाली इस बैठक में बिहार से संबंध रखने वाले कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल होंगे।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय की अध्यक्षता में हो रही इस पहली बैठक में राज्य सरकार के खिलाफ आंदोलन शुरू करने का फैसला भी लिए जाने की संभावना है।

भाजपा प्रवक्ता विनोद नारायण झा ने कहा कि इस बैठक में राजनीतिक प्रस्ताव के अलावा कई प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है। उन्होंने कहा, “बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा तो होगी ही, इसमें आमजन की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी मंथन होगा। नोटबंदी के फायदे व कैशलेस योजना के लाभ को गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए विचार किया जाएगा।”

उन्होंने कहा कि राज्य में गिरती कानून-व्यवस्था को लेकर इस बैठक में कड़े निर्णय लिए जा सकते हैं तथा संगठनात्मक विस्तार पर भी चर्चा की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि शनिवार को बैठक प्रारंभ होने के बाद मानव श्रृंखला में शामिल होने के लिए भाजपा के तमाम नेता सड़क पर निकले और शराबबंदी के समर्थन में बनने वाली इस श्रृंखला में शामिल हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493