पणजी, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवा पर्यटन उद्योग ने विदेशी अतिथियों के ऑनलाइन पंजीकरण की अनुमति देने के फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (एफआरआरओ) के कदम का स्वागत किया है।
एफआरआरओ ने पणजी में मंगलवार को एक ऑनलाइन सेवा शुरू की, जिसमें विदेशी नागरिक अनिवार्य ‘सी फॉर्म’ को ऑनलाइन भर सकते हैं।
‘सी फार्म’ एक जरूरी दस्तावेज है, जिसके अनुसार विदेशी अधिनियम 1946 की धारा तीन के तहत विदेशी नागरिकों को अपनी पासपोर्ट संख्या और अन्य जानकारियां देना जरूरी है।
गोवा यात्रा और पर्यटन संगठन के राल्फ डीसूजा के मुताबिक, “यह एक सही कदम है। अब हमें कागजी फार्म भरने की जरूरत नहीं है।”
इससे पहले फॉर्म भरने और आगंतुक के आने के 24 घंटों के भीतर नजदीकी पुलिस थाने में उसे जमा कराने की जिम्मेदारी होटल या विदेशी मेहमान के मेजबान की होती थी।
केरल के बाद हर साल 30 लाख से भी पर्यटकों की मेजबानी करने वाला गोवा ऑनलाइन सी फार्म सेवा शुरू करने वाला दूसरा राज्य बन गया है।
डीसूजा के मुताबिक, “ऑनलाइन पंजीकरण राज्य में पर्यटकों के आगमन से संबंधित आंकड़े जुटाने और पुलिस के लिए उनके अधिकार क्षेत्र में आने वाले विदेशी नागरिकों की पहचान को आसान करने में मदद करेगा।”
डीसूजा के मुताबिक, “पर्यटन की दृष्टि से भी यह आने वाले पर्यटकों के आंकड़ों की बेहतर व्यवस्था रखने में विभाग की मदद करेगा और साथ ही यह जानकारी भी देगा कि पर्यटन को बढ़ावा देने वाली हमारी नीतियां सही हैं या नहीं।”
डीसूजा के मुताबिक , “पुलिस को आने वाले लोगों और नशीले पदार्थो की तस्करी या अन्य संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों की जानकारी भी तुरंत मिल जाएगी।”
dharmpath.com dharmpath