मुंबई, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना ने मुंबई और पुणे में इस सप्ताह पाकिस्तानी गजल गायक उस्ताद गुलाम अली के प्रस्तावित संगीत कार्यक्रम को बाधित करने की धमकी दी है।
शिवसेना की फिल्म शाखा, चित्रपट सेना के अध्यक्ष आदेश बांदेकर ने आईएएनएस से कहा, “हमने माटुंगा के षणमुखानंद प्रेक्षागृह के अधिकारियों से मुलाकात की और नौ अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द करने के लिए कहा है। यह हमारे विरोध की शैली है।”
आदेश बांदेकर ने कहा कि इसके अलावा पार्टी दिवंगत गजल गायक जगजीत सिंह की चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि स्वरूप 10 अक्टूबर को पुणे में प्रस्तावित इसी तरह के संगीत कार्यक्रम का भी विरोध करेगी और उसे रोकेगी।
दिलचस्प है कि दोनों संगीत कार्यक्रम पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया में चर्चा के विषय बने हुए हैं।
बांदेकर ने कहा, “हम पाकिस्तान की कला और कलाकारों का सम्मान करते हैं। लेकिन नियमित रूप से सीमा पार से हो रहे हमले में हमारे सैनिकों और नागरिकों की हो रही मौत के बाद हम उस देश के साथ किसी भी तरह के सांस्कृतिक जुड़ाव के सख्त खिलाफ हैं।”
उन्होंने कहा, “चित्रपट सेना न केवल मुंबई और पुणे में, बल्कि देश में जहां भी कहीं गुलाम अली (75) कार्यक्रम होगा, वहां उसका विरोध करेगी।”
इससे पहले शिव सेना ने पाकिस्तानी गायक आतिफ असलम के संगीत कार्यक्रम और पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के भारत में खेलने के खिलाफ विरोध जता चुकी है।
शिवसेना ने अपने मुखपत्र सामना के माध्यम से मंगलवार को केंद्र सरकार से पाकिस्तान द्वारा किए गए हमलों पर प्रतिशोध लेने का आग्रह किया था।
संगीत कार्यक्रम संयोग से प्रतिष्ठित षणमुखानंद प्रेक्षागृह में होना निर्धारित है, जो कई दशकों से शिवसेना के सभी प्रमुख कार्यक्रमों के लिए एक पसंदीदा स्थल रहा है।
जगजीत सिंह को श्रद्धांजलि देने के लिए भारत में ‘एक एहसास’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जो संगीत के जरिए लोगों को जोड़ने का मंच प्रदान करेगा।
dharmpath.com dharmpath