पणजी, 29 जुलाई (आईएएनएस)। गोवा के मुख्यमंत्री लक्ष्मीकांत पारसेकर ने बुधवार को कहा कि राज्य में करीब तीन साल बाद अक्टूबर माह से खनन कार्य शुरू किया जा सकता है।
पारसेकर ने विधानसभा में लिखित जवाब में कहा, “राज्य सरकार ने लौह-अयस्क खनन पर लगी पाबंदी 15 जनवरी, 2015 को हटा दी थी। राज्य सरकार की तरफ से दी गई सहायता के बाद खनन कार्य अक्टूबर, 2015 से दोबारा शुरू कर दिया जाएगा।”
केंद्रीय खान मंत्रालय की तरफ से गठित एक न्यायिक आयोग ने राज्य में 35,000 करोड़ रुपये के खनन घोटाले का खुलासा किया था, जिसके बाद 2012 में केंद्र तथा राज्य सरकार की तरफ से गोवा में खनन पर रोक लगा दी गई थी।
सर्वोच्च न्यायालय ने भी खनन पर रोक लगाने का फैसला सुनाया था।
इस प्रतिबंध को पिछले वर्ष हटा दिया गया था, लेकिन पर्यावरणीय मंजूरी न मिल पाने के कारण यह अभी तक शुरू नहीं हो पाया।
dharmpath.com dharmpath