पणजी, 18 जनवरी (आईएएनएस)। तटीय प्रांत गोवा में नारियल की कीमतों में भारी इजाफे को लेकर नई राजनीति शुरू हो गई है।
प्रदेश में कांग्रेस की महिला सदस्यों ने गुरुवार को राजधानी पणजी की मुख्य सब्जी मंडी में नारियल बेचकर महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। पिछले कुछ सप्ताह में प्रदेश में नारियल की कीमतों में दोगुना से ज्यादा इजाफा हुआ है। पहले जहां एक नारियल की कीमत 20 रुपये चल रही थी वहां आज एक नारियल की कीमत 40-45 रुपये हो गई है।
गोवा महिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिमा कुटीन्हो ने संवाददाताओं से बातचीत के दौरान कहा, “नारियल गोवा का सबसे महत्वपूर्ण भोजन है और मौजूदा सरकार प्रदेश के लोगों को सस्ते दाम पर नारियल उपलब्ध कराने के लिए कुछ नहीं कर रही है।”
उन्होंने कहा, “इसलिए हम स्थानीय लोगों को रियायती दरों पर नारियल बेच रहे हैं। महिला कांग्रेस प्रदेश के प्रमुख बाजारों में इसी तरह नारियल बेचेगी।”
गौरतलब है कि 2016 में प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने नारियल को पेड़ की सूची से हटाकर विवाद खड़ा कर दिया था, जिसको लेकर प्रदेश में काफी विरोध प्रदर्शन हुए थे। बाद में सरकार को अपना फैसला बदलना पड़ा।
dharmpath.com dharmpath