नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने राज्य के ऊर्जा और सिंचाई मंत्री राणा गुरजीत सिंह का इस्तीफा मंजूर कर लिया है।
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के साथ संक्षिप्त बातचीत के दौरान यह खुलासा किया।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री द्वारा 10 दिन पहले दिए इस्तीफे के मामले पर राहुल गांधी के साथ विचार-विमर्श के बाद इसको स्वीकृत करने का फैसला किया गया। मुख्यमंत्री ने बताया कि राणा गुरजीत सिंह का इस्तीफा अब राज्यपाल को भेज दिया जाएगा।
अपने इस्तीफे में राणा गुरजीत सिंह ने कहा कि वह पिछले 10 वर्षों से अपने परिवार के कारोबार से नहीं जुड़े हैं लेकिन पिछले कुछ महीनों में छिड़े विवाद के कारण उन्होंने पार्टी के हित में इस्तीफा देने का रास्ता चुना। उन्होंने कहा कि पंजाब में कांग्रेस सरकार के अच्छे कार्यों में वह रुकावट नहीं बनना चाहते जिस कारण उन्होंने अपनी पार्टी के हित में इस्तीफा दिया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के साथ कांग्रेस की पंजाब इकाई के पुनर्गठन के मामले पर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बहुत जल्दी पार्टी का पुनर्गठन किया जाएगा।
कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि मंत्रिमंडल का विस्तार लुधियाना नगर निगम चुनाव के बाद किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए पहले की तरह अब भी नए मंत्रियों के चयन में युवा और हुनर के सुमेल को प्रमुखता दी जाएगी।
dharmpath.com dharmpath