पणजी, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवा में मारपीट के आरोप में पांच नौसेना कर्मियों को बुधवार देर शाम गिरफ्तार किया गया।
नौसेना कर्मियों ने दक्षिण गोवा में एक अन्य नौसेना कर्मी की बेटी के साथ दुर्व्यवहार करने के संदेह में एक शख्स को कथित तौर पर पीटा।
इस घटना में शामिल कर्मी आईएनएस हंसा पर तैनात हैं।
पुलिस के मुताबिक, पणजी से 35 किलोमीटर दूर पोर्ट टाउन वास्को के निवासी अतुल डिचोलकर की पिटाई के संबंध में कमांडेंट अनुपम शर्मा सहित गश्त कर्मियों अमित जायसवाल, जीतेंद्र सिंह, शामलाला पक्षक और रजनेश पाचर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, “नौसेना कर्मियों को संदेह है कि शिकायकर्ता ने मंगलवार को उनके एक सहयोगी की नाबालिग बेटी के साथ दुर्व्यवहार किया था और इसलिए उन्होंने उसकी पिटाई की।”
पीड़ित गंभीर चोटों के कारण राज्य सरकार द्वारा संचालित गोवा मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में भर्ती है।
आरोपियों को भारतीय दंड संहिता की धारा 143 (गैरकानूनी रूप से एकत्र होना), धारा 147 व 148 (घातक हथियारों से लैस होकर बवाल करना) और धारा 325, 326 एवं 338 (खतरनाक हथियारों के उपयोग से गंभीर चोट देकर जीवन को खतरे में डालना) के तहत गिरफ्तार किया गया है।
dharmpath.com dharmpath