पणजी, 27 जुलाई (आईएएनएस)। गोवा विधानसभा के मानसून सत्र के प्रथम दिन सोमवार को उस वक्त नाटकीय दृश्य पैदा हो गया, जब अध्यक्ष राजेंद्र आर्लेकर ने मार्शल के जरिए विपक्षी विधायकों को सदन से बाहर निकलवा दिया। विपक्षी विधायक उद्योग मंत्री महादेव नाईक से इस्तीफा मांग रहे थे। नाईक पर धोखाधड़ी का आरोप है।
कांग्रेस के रेगिनाल्डो लॉरेंको तथा विश्वजीत राणे और निर्दलीय विधायकों रोहन खाउंते तथा विजय सरदेसाई ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की निंदा की।
वे नाईक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन उन्हें सदन से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
जब कांग्रेस से पूछा गया कि क्या वे लुई बर्जर घोटाले में उनके पूर्व मंत्रियों पर निशाना साधे जाने के डर से सत्ता पक्ष के खिलाफ यह मांग कर रहे हैं, इस पर विपक्ष के नेता प्रतापसिंह राणे ने कहा, “बिल्कुल नहीं। हम तो वास्तव में आरोपों की जांच की मांग कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “सरकार पुलिस की जगह सीबीआई को जांच की जिम्मेदारी सौंपे।”
लुई बर्जर के कुछ अधिकारियों ने भारत, वियतनाम, इंडोनेशिया और कुवैत जैसे एशियाई देशों से ठेका लेने के लिए 39 लाख डॉलर की रिश्वत दी थी।
dharmpath.com dharmpath