पणजी, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। गोवा में वर्ष के आखिर में होने वाले कला एवं साहित्य महोत्सव के दौरान होने वाली चर्चाओं में पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में काम करने पर प्रतिबंध लगाए जाने का मुद्दा भी शामिल रहेगा।
महोत्सव के आयोजक ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
गोवा कला एवं साहित्य महोत्सव के एक आयोजक दामोदर मौजा ने कहा, “यह बहुत ही जटिल विषय है, जिस पर भिन्न-भिन्न तरह के विचार सामने आने ही चाहिए। कला एवं साहित्य पर होने वाला यह एक प्रतिष्ठित महोत्सव है, जिसमें ऐसे मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए।”
मौजा ने कहा, “एक बात तो पक्की है कि हम अभिव्यक्ति की आजादी से समझौता नहीं करेंगे।”
हर वर्ष होने वाले गोवा कला एवं साहित्य महोत्सव में इससे पहले पाकिस्तानी कलाकारों को अतिथि विचारक के रूप में बुलाया जा चुका है। इस वर्ष यह महोत्सव आठ से 11 दिसंबर के बीच आयोजित हो रहा है।
मौजा ने बताया कि इस बार महोत्सव भारतीय साहित्य पर केंद्रित होगा और देश के विभिन्न हिस्सों के लेखकों और कवियों पर प्रकाश डालने वाला होगा।
महोत्सव का उद्घाटन पुर्तगाल के पूर्व संस्कृति मंत्री जोर्गे बारेटो जेवियर और प्रख्यात लेखिका एवं सामाजिक कार्यकर्ता शिवकामी के हाथों होगा।
इसके अलावा गोवा महोत्सव में इस वर्ष साहित्य का नोबेल पुरस्कार पाने वाले विख्यात संगीतकार एवं कवि बॉब डिलन के सम्मान में मेघालय के संगीतकार लोऊ माजाव संगीत प्रस्तुति देंगे।
dharmpath.com dharmpath