ग्रामीण गरीबों के लिए 2.95 करोड़ मकान बनाएगी सरकार

नई दिल्ली, 23 मार्च (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि वह ग्रामीण क्षेत्रों में 2.95 करोड़ मकानों का निर्माण करने में मदद करेगी और इसके लिए प्रत्येक बेघर परिवार को 1.30 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता देगी।

केंद्रीय संचार और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को किया।

उन्होंने कहा कि आखिरी जनगणना के मुताबिक कुल 2.95 करोड़ मकान बनाने की जरूरत है। यह लक्ष्य 2022 तक पूरा किया जाएगा।

मंत्री ने कहा कि ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ योजना के तहत मैदानी इलाकों में रहने वाले प्रत्येक गरीब परिवार को 1.20 लाख रुपये और पहाड़ी तथा विषम क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक गरीब परिवार को 1.30 लाख रुपये की मदद की जाएगी।

प्रसाद ने कहा, “कार्यक्रम 6-7 साल तक चलेगा।” उन्होंने बताया कि योजना को दो चरणों में पूरा करने का प्रस्ताव है।

उन्होंने कहा, “सरकार का प्रथम तीन साल में एक करोड़ मकान बनाने का प्रस्ताव है।” उन्होंने बताया कि इसके लिए सरकार को 82 हजार करोड़ रुपये खर्च करने होंगे।

उन्होंने बताया कि इसमें से 65 हजार करोड़ रुपये बजटीय सहायता मिलेगी और शेष राशि नाबार्ड बैंक से मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि योजना में लाभार्थियों के चुनाव में पारदर्शिता बरती जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493