नई दिल्ली, 28 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिकी विद्युत उत्पाद बहुराष्ट्रीय कंपनी इंटरमेटिक इंक ने गुरुवार को अपनी सब्सिडरी ग्रासलिन जीएमबीएच के माध्यम से भारतीय बाजार में उतरने का ऐलान किया। कंपनी ने अपने उत्पादों की व्यापक रेंज उपलब्ध कराने तथा प्रकाश एवं तापमान नियंत्रित समाधान पेश करने के लिए एएमटीएल के साथ साझेदारी की घोषणा की है।
यह पहल सरकारी की 100 स्मार्ट शहर विकसित करने की योजना के मद्देनजर की गई है, जिस पर सरकार लगभग 1.5 अरब डॉलर खर्च करेगी। इसके अलावा अमृत मिशन और उदय योजना पर 1.4 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस साझेदारी के एक भाग के रूप में एएमटीएल (अडवांस्ड मीटरिंग टेकनोलोजी लिमिटेड) का नोएडा (उत्तर प्रदेश) स्थित मुख्यालय देश भर में ग्रासलिन के विद्युत स्विच उत्पादों की विस्तृत श्रंखला का वितरण करेगा, जिसमें स्विच तथा प्रकाश एवं तापमान नियंत्रण समाधान शामिल हैं।
देश में ऊर्जा संरक्षण एवं ऊर्जा दक्षता की आवश्यकता को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि अगले कुछ सालों में बाजार में टाइम स्विचों तथा प्रकाश एवं तापमान नियंत्रण समाधानों की मांग कई गुना बढ़ जाएगी।
ग्रासलिन जीएमबीएच में बिक्री एवं विपणन प्रमुख एक्सेल शूलर ने कहा, “भारत हमारे लिए महत्वपूर्ण बाजार है, क्योंकि तीव्र विकास के चलते देश में निर्माण एवं ओद्यौगिक गतिविधियों में भारी उछाल पाया गया है। साथ ही देश में बढ़ती ओद्यौगिक एवं विनिर्माण ईकाईयों तथा गुणवत्तापूर्ण ऊर्जा के बारे में बढ़ती जागरुकता के चलते विद्युत उत्पादों की घरेलू मांग भी बढ़ेगी। हमें खुशी है कि हमें अपने विद्युत उत्पादों, जैसे टाइम स्विचों तथा प्रकाश एवं तापमान नियंत्रण समाधानों की आपूर्ति के लिए एएमटीएल के साथ साझेदारी का मौका मिला है।”
एएमटीएल के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक पी.के. रानाडे ने कहा, “हम ग्रासलिन जीएमबीएच के साथ इस साझेदारी को लेकर बेहद उत्साहित हैं। आम उपभोक्ता तथा उद्योग जगत में ऊर्जा संरक्षण के बारे में बढ़ती जागरूकता के परिणामस्वरूप आधुनिक प्रोद्यौगिकियों की मांग बढ़ रही है। ग्रासलिन जीएमबीएच टाइम स्विचों तथा प्रकाश एवं तापमान नियंत्रण समाधानों में अग्रणी है। ऐसे में इन उत्पादों और प्रोद्यौगिकियों को प्रोत्साहित किया जाना देश में ऊर्जा दक्षता को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।”
dharmpath.com dharmpath