नई दिल्ली, 21 जनवरी (आईएएनएस)। ग्लोबस स्पिरिट्स लिमिटेड ने शराब की कमी से जूझ रहे राज्य के बाजार की मांग पूरी करने के लिए अपनी पश्चिम बंगाल इकाई में वाणिज्यिक उत्पादन शुरू कर दिया है। कंपनी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
कंपनी की यह उत्पादन इकाई बर्दवान जिले के पानागढ़ इंडस्ट्रियल पार्क में स्थित है। इस संयंत्र की क्षमता 1,20,000 लीटर रोजाना है और इसकी बोतलिंग क्षमता आईएमएफएल और कंट्री लिक्वर की 15,000 पेटी है।
शराब निर्माता ने यह भी घोषणा की कि उसकी बिहार स्थित इकाई भी दिसंबर से फिर से चालू हो गई है और वहां उत्पादन शुरू हो गया है, जिसकी क्षमता 80,000 लीटर रोजाना है। इस संयंत्र को तकनीकी खराबी के कारण बंद करना पड़ा था।
कंपनी के प्रबंध निदेशक अजय कुमार स्वरूप ने कहा कि बिहार में शराबबंदी का कंपनी पर सीमित असर पड़ा है, क्योंकि बिहार में उत्पादित शराब की पड़ोसी राज्यों और अन्य देशों को आपूर्ति की जाती है, जहां शराब की कमी है।
dharmpath.com dharmpath