ग्वालियर, 12 नवंबर –मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में चल रही सेना में भर्ती की प्रक्रिया को अचानक निरस्त किए जाने से बुधवार को परीक्षार्थी हिंसक हो गए। उग्र परीक्षार्थियों ने घटनास्थल पर खड़े कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया। सेना तथा पुलिस को हालात पर काबू पाने के लिए लाठीचार्ज व आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े, जिसमें कई लोग घायल हुए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह के अनुसार मेला मैदान में सेना भर्ती की प्रक्रिया चल रही थी। बुधवार की सुबह अचानक भर्ती प्रक्रिया निरस्त किए जाने से परीक्षार्थी भड़क गए। कई वाहन फूंके गए हैं और कई लोगों को चोटें भी आई हैं।
बताया गया कि परीक्षा निरस्त किए जाने की सूचना मिलते ही मेला मैदान में भगदड़ मच गई और परीक्षार्थियों न उत्पात मचाना शुरु कर दिया। देखते ही देखते सेना का भर्ती स्थल संग्राम में बदल गया। परीक्षार्थियों ने कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया, वहीं सेना के जवानों ने उत्पाती छात्रों पर काबू पाने के लिए पहले लाठियां चलाईं, आंसू गैस के गोले छोड़े और फिर हवाई फायरिंग भी की।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि उत्पाती परीक्षार्थियों ने पांच से ज्यादा वाहनों को आग के हवाले कर दिया, वहीं कई वाहनों में तोड़फोड़ की। उत्पाती परीक्षार्थियों द्वारा किए गए पथराव में कई सेना के जवान घायल हुए, वहीं लाठीचार्ज में कई परीक्षार्थियों को चोटें आईं। घायलों को जयारोग्य चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
परीक्षार्थियों ने बताया कि सुबह के समय वे कतारों में लगे थे कि तभी धक्का मुक्की हुई और पुलिस के जवानों ने उन्हें रोकने के लिए हल्के बल का प्रयोग किया। इस धक्का-मुक्की में परीक्षार्थी एक दूसरे के ऊपर गिर पड़े जिसके चलते भगदड़ मची।
dharmpath.com dharmpath