घोसन पर नए आरोप

टोक्यो, 11 जनवरी (आईएएनएस)। वित्तीय आरोपों ेमें गिरफ्तार निसान मोटर के अपदस्थ अध्यक्ष कार्लोस घोसन पर शुक्रवार को नए आरोप लगाए गए हैं, जिनमें 2018 तक कंपनी से होने वाली कमाई को गलत तरीके से दर्ज करने और निजी लाभ के लिए पद का दुरुपयोग करने के आरोप शामिल हैं।

समाचार एजेंसी एफे के मुताबिक, अभियोजकों ने घोसन पर 2018 के मार्च में समाप्त होने वाली तीन साल की अवधि के दौरान करोड़ों डॉलर के अपने वेतन को गलत तरीके से दर्ज करने का आरोप लगाया।

नवीनतम आरोपों का मतलब यह है कि अब घोसन जमानत के पात्र हैं। घोसन के वकील शुक्रवार को उनकी रिहाई के लिए अपील दायर करने की तैयारियों में जुटे हैं।

घोसन के साथ ही निसान के निदेशक ग्रेग केली और निसान मोटर को भी सह-साजिशकर्ता बनाया गया है।

घोसन, केली और निसान पर इससे पहले 10 दिसंबर को 2015 के मार्च तक पिछले पांच साल की अवधि में वित्तीय विवरण दाखिल करने को लेकर इसी तरह के आरोप लगाए गए थे।

निसान ने इस मामले पर खेद व्यक्त किया है, लेकिन यह नहीं कहा है कि वह इन आरोपों के खिलाफ मुकदमा लड़ेगा या नहीं।

घोसन ने अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों को ‘आधारहीन’ बताया है और केली ने भी खुद को बेगुनाह बताया है। केली फिलहाल जमानत पर बाहर हैं।

घोसन पर सऊदी अरब के व्यवसायी खालिद अल जफाली के साथ किए गए कई लेन-देन पर विश्वासघात करने का अतिरिक्त आरोप भी लगाया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493