चंडीगढ़, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। संघ-शासित प्रदेश चंडीगढ़ में स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान चिकित्सा शिक्षा अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) में इंफोसिस-रेड क्रॉस सराय की आधारशिला शुक्रवार को रखी गई।
पीजीआई परिसर में सराय भवन का निर्माण इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी (आईआरसीएस) की चंडीगढ़ शाखा द्वारा किया जा रहा है, जिसके लिए आईआरसीएस चंडीगढ़ को भूमि पीजीआई द्वारा उपलब्ध कराई गई है। सराय का संचालन आईआरसीएस द्वारा किया जाएगा और इसका निर्माण 18 महीने में करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यह धन इंफोसिस लिमिटेड द्वारा प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर मौजूद मुख्य अतिथि केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने दिव्यांग लोगों को व्हील चेयर और ट्राईसाइकिल वितरित कीं। मुख्य अतिथि ने चंडीगढ़ प्रशासन, पीजीआई प्राधिकारियों एवं इंफोसिस लिमिटेड द्वारा इस नेक कार्य के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की।
समारोह की अध्यक्षता पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वी. पी. सिंह बडनोर ने की। इस अवसर पर चंडीगढ़ से सांसद किरण खेर, प्रशासक के सलाहकार परिमल राय, आईएएस, और आईआरसीएस के राष्ट्रीय मुख्यालय, नई दिल्ली के उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना और चंडीगढ़ प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे।
dharmpath.com dharmpath