राष्ट्रपति ने थांगावेलू, भाटी को बधाई दी

नई दिल्ली, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शनिवार को रियो पैरालम्पिक- 2016 में स्वर्ण पदक जीतने वाले मरियप्पन थांगावेलू और कांस्य पदक जीतने पर वरुण भाटी को बधाई दी है।

राष्ट्रपति ने दोनों पैरा-एथलीटों को अलग-अलग बधाई संदेश भेजे।

थांगावेलू को भेजे बधाई संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “रियो पैरालिंपिक खेलों 2016 में पुरुषों की ऊंची कूद प्रतिस्पर्धा में प्रथम स्वर्ण पदक विजेता बनने पर हार्दिक बधाइयां।”

राष्ट्रपति ने आगे लिखा है, “आपकी उपलब्धियां सभी भारतीय खिलाड़ियों के बीच विश्वास का संचार करेंगी कि वे भी अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर किसी भी खेल में सर्वोच्च स्तर पर पहुंच सकते हैं। विशेष रूप से हमारे देश के दिव्यांग व्यक्तियों के लिए यह प्रेरणा और गर्व की बात होगी।”

वरुण भाटी को भेजे अपने दूसरे बधाई संदेश में राष्ट्रपति ने कहा, “मुझे यह जानकर प्रसन्नता हुई कि आपने (वरुण) रियो पैरालिंपिक खेलों के पुरुषों की ऊंची कूद टी-42 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता है।”

राष्ट्रपति ने आगे लिखा है, “आपकी सफलता हम सभी भारतीयों के लिए बेहद गौरव की बात है। यह हमारे देश के सभी खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत साबित होगा। मैं आपको बधाई देता हूं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त करता हूं।”

थांगावेलू ने शुक्रवार को हुए टी-42 वर्ग के ऊंची कूद स्पर्धा में 1.89 मीटर ऊंची कूद लगाते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं इसी स्पर्धा में 1.86 मीटर के साथ भाटी कांस्य पदक हासिल करने में सफल रहे।

बचपन में हुई दुर्घटना के कारण थांगावेलू के दाहिने पैर का घुटने से ऊपर का हिस्सा अक्षम हो गया, जबकि भाटी का बायां पैर लकवाग्रस्त है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493