चंडीगढ़ में आप के प्रदर्शन के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा

चंडीगढ़, 16 मई (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल की सरकार के राज्य में मादक पदार्थो, माफिया व भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने में कथित तौर पर असफल रहने के विरोध में आम आदमी पार्टी (आप) के विरोध-प्रदर्शनों के मद्देनजर सोमवार को चंडीगढ़ में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।

चंडीगढ़ पुलिस ने मुख्यमंत्री आवास और सेक्टर दो में स्थित उनके बेटे व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के आवास को बैरीकेड्स से चारों तरफ से सील कर दिया है। इलाके में दंगा रोधी बल सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।

चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर छह स्थित हरियाणा व पंजाब के राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी के सरकारी आवास ‘हरियाणा राज भवन’ के आसपास भी अपने अमले की तैनाती की है।

आप प्रदर्शनकारियों को वीआईपी आवासों की ओर बढ़ने से रोकने के लिए रोज गार्डन चौक और सेक्टर सात-आठ डिवाइन रोड के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

आप का यह विरोध-प्रदर्शन पंजाब के 12,000 करोड़ रुपये के कथित खाद्यान घोटाले, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और ड्रग्स रैकेट को दबोचने में पंजाब सरकार की नाकामी के खिलाफ है।

राज्य के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आप नेताओं के विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर सोमवार के अपने सारे काम रद्द कर दिए हैं। आप नेता उनके सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन करना चाहते हैं।

यहां बादल के प्रवक्ता ने कहा, “मुख्यमंत्री ने संगरूर जिले के दिरबा नगर की संगत दर्शन सहित सोमवार के अपने सारे काम रद्द कर दिए हैं। वह राज्य के लोगों से जुड़ी किसी भी समस्या पर राजनेता या प्रतिनिधि से चर्चा करने के लिए अपने आवास पर ही उपलब्ध रहेंगे।”

वहीं, इससे पूर्व बादल ने एक बयान में कहा, “मेरे घर के दरवाजे लोगों और उनके नुमाइंदों से बात करने और उनकी समस्याओं को सुलझाने के लिए बातचीत करने के लिए 24 घंटे खुले रहते हैं।”

पंजाब में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493