चंपारण सत्याग्रह की शताब्दी पर ‘संगीतमय सत्याग्रह’

नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। महात्मा गांधी द्वारा बिहार के चंपारण जिले में शुरू किए गए अपने पहले सत्याग्रह के 100 वर्ष पूरे होने पर लोकगायिका कल्पना पटोवारी ने अपने अल्बम ‘चंपारण सत्याग्रह’ के जरिए बापू को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

कल्पना ने अपने अल्बम ‘चंपारण सत्याग्रह’ को दो भाषाओं हिंदी और भोजपुरी में बिहार की धरती और महात्मा गांधी को समर्पित किया है, ताकि भोजपुरी को भारतीय भाषा के रूप में पहचान मिल सके। कल्पना द्वारा दी गई संगीतमय श्रद्धांजलि इस बात को सामने लाती है कि भोजपुरी चंपारण सत्याग्रह की आत्मा थी और गांधी जी ने भी इसे 100 वर्ष पहले चंपारण के लोगों के साथ खुद को जोड़ने के लिए उपयोग किया था। अपने संगीतमय प्रयास के जरिए कल्पना ने सरकार से भोजपुरी को उसका वाजिब हक देने का अनुरोध किया है। इस प्रकार कल्पना का यह प्रयास एक संगीतमय सत्याग्रह है ताकि भोजपुरी को संविधान की आठवीं अनुसूची में जगह मिल सके।

अपने संगीतमय सत्याग्रह के बारे में कल्पना बताती हैं, “चंपारण सत्याग्रह केवल ब्रिटिश हुक्मरानों द्वारा शोषित किसानों के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं था, बल्कि यह सही मायनों में देश की आजादी की लड़ाई में चंपारण जैसे सुदूर जिले के गांव के लोगों की हिस्सेदारी थी। मेरी यह कोशिश लोगों को भोजपुरी की मिठास से जोड़ेगी। अपनी इस कोशिश के जरिए मैं भोजपुरी को बौद्धिक और साहित्यिक समाज के बीच लाना चाहती हूं।”

यह कार्यक्रम उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ की लालगंज सीट से सांसद नीलम सोनकर के संरक्षण में आयोजित किया गया।

इस मौके पर नीलम ने कहा, “चंपारण सत्याग्रह के शताब्दी वर्ष के मौके पर कल्पना की संगीतमयी प्रस्तुति उल्लेखनीय है। असम की होने के बावजूद कल्पना ने पिछले सोलह वर्षों से भोजपुरी भाषा की सेवा और उसे जनमानस के बीच लाने का काम किया है। किसी ने इस तरह का प्रयास नहीं किया। इसके लिए मैं दिल से उन्हें मुबारकबाद देती हूं और उनके संगीतमय सत्याग्रह को अपना समर्थन देती हूं।”

चंपारण बिहार का एक जिला है जहां देश के गुलामी के दिनों में भूमिहीन किसानों और मजदूरों को पहले ब्रिटिश इंडिया कंपनी और बाद में ब्रिटिश सरकार द्वारा जबरन नील और अफीम की खेती के लिए बाध्य किया गया था।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला, केंद्रीय जनजाति विकास मंत्री जुआल ओरम, केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास और महिला तथा बाल विकास राज्य मंत्री कृष्णा राज सहित कई नेता शामिल हुए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493