चटगांव एकदिवसीय : बांगलदेश ने इंग्लैंड के सामने रखी 278 रनों की चुनौती

चटगांव, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। बांग्लादेश ने जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में बुधवार को चल रहे तीसरे निर्णायक अंतर्राष्ट्रीय एकदिवसीय मैच में इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 278 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है।

टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम बांग्लादेश ने शीर्ष बल्लेबाजों के सधे प्रदर्शन के बाद मुशफिकुर रहीम (नाबाद 67) की बेहतरीन पारी की बदौलत निर्धारित 50 ओवरों में छह विकेट खोकर 277 रनों का स्कोर खड़ा किया।

बांग्लादेश को सलामी बल्लेबाजों तमीम इकबाल (45) और इमरूल कायेस (46) ने सधी शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने संयत अंदाज में खेलते हुए 19 ओवरों में 80 रनों की साझेदारी की।

हालांकि यहां से बांग्लादेश ने अपने तीन विकेट जल्दी गंवा दिए। इमरूल के रूप में बेन स्टोक्स ने इंग्लैंड को पहली सफलता दिलाई। 122 का स्कोर पहुंचते-पहुंचते बांग्लादेश तमीम और महमुदुल्ला (6) के भी विकेट गंवा चुका था।

लेकिन यहां से मुशफिकुर ने सब्बीर रहमान (49) के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रनों की साझेदारी कर टीम को एक बार फिर संभाल लिया। दोनों बल्लेबाजों ने न सिर्फ टीम को स्थायित्व दिया बल्कि रन गति भी तेज की। दोनों बल्लेबाजों ने यह साझेदारी 6.75 के औसत से की।

सब्बीर हालांकि दुर्भाग्यशाली रहे और अर्धशतक से ठीक एक रन पहले आदिल राशिद का शिकार हो पवेलियन लौट गए। सब्बीर ने 46 गेंदों की अपनी तेज पारी में पांच चौके लगाए।

इसके बाद बल्लेबाजी करने आए बांग्लादेश के स्टार हरफनमौला खिलाड़ी शाकिब अल हसन (4) इस मैच में भी खास योगदान नहीं दे सके। मोइन अली ने उन्हें विकेट के पीछे जोस बटलर के हाथों कैच कराया। नासिर हुसैन (4) के रूप में राशिद ने अपना चौथा विकेट हासिल किया और बांग्लादेश को छठा झटका देकर उन्हें संकट में ला खड़ा किया।

लेकिन मुशफिकुर ने मोसद्देक हुसैन (नाबाद 38) ने इसे बांग्लादेश के लिए मुसीबत नहीं बनने दिया और सातवें विकेट के लिए 85 रनों की नाबाद साझेदारी कर अपनी टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

अंत तक नाबाद रहे मुशफिकुर ने 62 गेंदें खेलीं और चार चौके तथा एक छक्का लगाया। मोसद्देक ने भी उनका अच्छा साथ निभाया और 39 गेंदों की धैर्य भरी पारी में चार चौके जड़े।

दोनों बल्लेबाजों ने 7.18 की रन गति से रन जोड़े। बांग्लादेश ने अंतिम 10 ओवरों में 79 रन और अंतिम पांच ओवरों में 50 रन जोड़े।

तीन मैचों की श्रृंखला में दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर हैं और इस मैच पर ही श्रृंखला का परिणाम निर्भर है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493