चटगांव, 25 जुलाई (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश की क्रिकेट टीमों के बीच जहूर अहमद चौधरी स्टेडियम में खेला गया पहला टेस्ट मैच शनिवार को बेनतीजा समाप्त हो गया।
इस मैच के अंतिम दो दिनों का खेल बारिश में धुल गया। चौथे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी थी। इसी तरह पांचवें दिन भी बारिश ने खेल के लायक हालात पैदा नहीं होने दिया।
आठ टेस्ट मैच हारने के बाद बांग्लादेश के हिस्से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला ड्रॉ आया है। सात मैचों में तो मेजबान टीम को पारी की हार मिली है।
दोनों टीमों के बीच हुई तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज के दौरान भी बारिश ने कई मौकों पर बाधा डाली थी लेकिन यह पहला मौका है जब बारिश के कारण लगातार दो दिनों तक एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी।
तीसरे दिन गुरुवार का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका ने अपनी दूसरी पारी में बिना कोई विकेट खोए 61 रन बना लिए थे। अभी भी वह बांग्लादेश से 17 रन पीछे है।
दिन का खेल समाप्त होने तक सातियान वैन जिल 33 और डीन एल्गर 28 रन बनाकर नाबाद लौटे थे।
दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 248 रन बनाए थे। इसके बाद बांग्लादेश ने अपनी पहली पारी में 326 रन बनाए।
dharmpath.com dharmpath