चयनकर्ता की जिम्मेदारी निभाने को तैयार हैं वॉ, गिलेस्पी

मेलबर्न, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व तेज गेंदबाज जेसन गिलेस्पी ने आस्ट्रेलिया के मुख्य चयनकर्ता के पद में अपनी रूचि जाहिर की है।

सीए के मौजूदा मुख्य चयनकर्ता रोड मार्श का कार्यकाल अगले साल खत्म हो रहा है और क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) उनकी सेवा और न लेने की बात कह चुका है।

मौजूदा चयन समिति में मार्श के साथ मार्क वॉ, ट्रेवर होन्स, बुपा और टीम के मुख्य कोच डारेन लेहमन शामिल हैं।

सोमवार को दुनिया के सफलतम कप्तानों में शुमार स्टीव ने कहा कि वह चयनसमिति में अपने भाई का साथ देने को तैयार हैं।

समाचार-पत्र ‘सिडनी मॉर्निग हेराल्ड’ ने वॉ के हवाले से लिखा, “अगर मौका मिलेगा तो मैं कोशिश करूंगा। लेकिन कई चीजें होती हैं जिनसे आपको गुजरना होता है और देखना होता है कि यह सही समय है कि नहीं।”

उन्होंने कहा, “मेरा मानना है कि आस्ट्रेलिया में क्रिकेट की अच्छी समझ रखने वाले कई लोग हैं। मुझे अब तक किसी ने इसके बारे में नहीं पूछा है, मैं इस बारे में सोचूंगा।”

स्टीव के अलावा गिलेप्सी ने भी इस रोल में अपनी दिलचस्पी दिखाई है। गिलेस्पी पांच साल बाद आस्ट्रेलिया लौटे हैं। वह इससे पहले इंग्लैंड के काउंटी क्लब यॉर्कशर को प्रशिक्षण दे रहे थे।

गिलेस्पी ने कहा, “अगले साल मुख्य चयनकर्ता का पद खाली हो रहा है और मैं शायद इसके लिए अपना नाम दे सकता हूं।”

उन्होंने कहा, “मैं पिछले पांच वर्षो से यॉर्कशर के लिए टीम का चयन करता आ रहा हूं। मैं किसी भी संभावना से इनकार नहीं करता। अगर मौका होगा तो मैं कोशिश करूंगा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493