सतना, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान का दावा है कि चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र का चुनाव पार्टी उम्मीदवार विकास के आधार पर जीतेगा।
पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष चौहान ने सोमवार को यहां संवाददाताओं से चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा ने जनता के लिए काम करने वाले शंकर दयाल त्रिपाठी को चित्रकूट विधानसभा उपचुनाव का प्रत्याशी बनाया है।
उन्होंने आगे कहा कि भाजपा यह चुनाव विकास के बल पर ऐतिहासिक मतों से जीतेगी। वहीं कार्यकर्ताओं में उम्मीदवार के प्रति असंतोष के सवाल पर उन्होंने कहा कि त्रिपाठी को उम्मीदवार बनाए जाने से कार्यकर्ता खुश हैं। त्रिपाठी ने पार्टी के विभिन्न पदों पर रहकर काम किया है।
उन्होंने कहा कि चित्रकूट में हो रहे विकास और भविष्य में यहां होने वाले विकास के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की लोकप्रियता तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर चित्रकूट के चुनाव में जीत तय है।
चौहान ने प्रदेश में हो रहे विकास के बारे में चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश बीमारू राज्य की श्रेणी से निकलकर उन्नत एवं प्रगतिशील राज्य बन गया है। विकास की प्रक्रिया निरंतर चल रही है और इस प्रक्रिया में इस क्षेत्र की बड़ी, लघु एवं मध्यम सिंचाई परियोजना भी आकार ले रही है।
dharmpath.com dharmpath