चीन की जीडीपी वृद्धि दर घटी (लीड-1)

बीजिंग, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीन की अर्थव्यवस्था की विकास दर सालाना आधार पर 2015 की तीसरी तिमाही में 6.9 प्रतिशत रही है। यह साल की प्रथम छमाही की सात प्रतिशत दर से कम है।

राष्ट्रीय सांख्यिकीय ब्यूरो (एनबीएस) ने सोमवार को कहा कि साल 2015 की शुरुआती तीन तिमाहियों में चीन का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) सालाना आधार पर 6.9 प्रतिशत वृद्धि के साथ 48,780 अरब युआन (7,680 अरब डॉलर) रहा है।

साल 2009 की दूसरी तिमाही के बाद यह पहला मौका है, जब तिमाही विकास दर सात प्रतिशत से भी नीचे रही है।

एनबीएस के प्रवक्ता शेंग लेयुन ने कहा कि वैश्विक आर्थिक सुधार के बीच वैश्विक कारकों का चीन पर प्रभाव पड़ा है।

शेंग ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, “अमेरिकी ब्याज दर में वृद्धि की संभावनाओं से कमोडिटी कीमतों, शेयरों और विदेशी मुद्रा बाजारों में अस्थिरता आई है। कई देशों ने अपनी मुद्राओं का मूल्य घटाया है, जिससे चीन के निर्यात पर अधिक दबाव पड़ा है। निर्यात चीन के आर्थिक विकास के तीन स्तम्भों में से एक है।”

एनबीएस के मुताबिक, “पहली तीन तिमाहियों में चीन का निर्यात सालाना आधार पर 7.9 प्रतिशत घटकर 178.70 खरब युआन रहा है।

साल के शुरुआती नौ महीनों के दौरान देश का औद्योगिक उत्पादन सालाना आधार पर 6.2 प्रतिशत बढ़ा है और अचल संपत्ति निवेश बढ़कर 10.3 प्रतिशत हो गया है।

साल दर साल आधार पर संपत्ति निवेश 2.6 प्रतिशत बढ़ा है, जबकि उपभोक्ता सामानों की खुदरा बिक्री 10.5 प्रतिशत बढ़ी है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493