बिहार : चुनावी सभा के दौरान मंच टूटा, पप्पू यादव घायल

सीतामढ़ी, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। जन अधिकार पार्टी के अध्यक्ष और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव सोमवार को उस समय मामूली रूप से जख्मी हो गए, जब वह बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे और उसी दौरान मंच का एक हिस्सा टूट गया।

पार्टी के मीडिया प्रभारी रंजन सिन्हा ने बताया कि पार्टी प्रमुख पप्पू यादव बिहार के सीतामढ़ी जिले के नारंगा गांव में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे, तभी मंच का एक हिस्सा टूट गया, जिसमें यादव का एक पैर फंस गया।

उन्होंने बताया कि मंच पर अत्यधिक लोगों के पहुंचने के कारण मंच का एक हिस्सा टूट गया। इस घटना में पार्टी के करीब आठ से 10 लोगों को मामूली चोट आई है।

यादव परिहार विधानसभा से पार्टी प्रत्याशी सरिता यादव के समर्थन में नारंगा गांव में एक सभा को संबोधित कर रहे थे।

उल्लेखनीय है कि जन अधिकार पार्टी, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा), समाजवादी जनता पार्टी, नेशनल पीपुल्स पार्टी और समरस समाज पार्टी के साथ तीसरे मोर्चे के तहत चुनाव मैदान में उतरी है। हालांकि राकांपा अब इस मोर्चे से अलग हो गई है और उसने अकेले विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493