चीन में ऑनलाइन उधार देने वाली कंपनियों पर शिकंजा

शंघाई, 11 जनवरी (आईएएनएस)। चीन में शंघाई समेत कुछ प्रांतों की स्थानीय सरकारों ने इंटरनेट वित्तीय कंपनियों के पंजीकरण नियम को सख्त बनाने का फैसला किया है, ताकि ग्राहकों को ऑनलाइन ऋण और उधार के जोखिमों से बचाया जा सके। इस उद्योग से जुड़े एक अंदरूनी सूत्र ने यह जानकारी दी।

शंघाई में नए कारोबार के पंजीकरण में मदद मुहैया कराने वाली एक कंपनी के कार्यकारी अधिकारी ने बताया, “शंघाई में अब इंटरनेट वित्त कंपनी का पंजीकरण कराना काफी मुश्किल हो गया है।”

उद्योग और कारोबार, शंघाई प्रशासन से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, प्रशासन ने हालांकि इन पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने का कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया है, लेकिन जिला स्तर के नियामक स्वयं के स्तर से जोखिम रोकने के उपायों की शुरुआत कर सकते हैं।

सूत्र ने बताया कि शंघाई में इंटरनेट वित्त कंपनियों को अनुमति देने से पहले नियामक उनके जोखिम का मूल्यांकन करने लगे हैं।

चीन के बैंकिंग नियामक आयोग ने पिछले महीने एक मसौदा जारी किया था, जिसमें ऑनलाइन उधार देनेवालों पर कड़े प्रतिबंध लगाने की बात थी। उन्हें सार्वजनिक जमा स्वीकार करने पर रोक लगाने, निवेशकों के धन को अपनी परियोजनाओं में लगाने या उधारदाताओं के लिए किसी भी प्रकार की गारंटी मुहैया कराने पर रोक लगाने को कहा गया था।

वहीं, शेनझेन जो कि चीन की हाईटेक कंपनियों की पसंदीदा जगह है, वहां भी नई इंटरनेट वित्त कंपनियों का पंजीकरण अस्थाई रूप से रोक दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493