चीन में जीका का पहला मामला, सीमा पर निगरानी बढ़ाएगा

बीजिंग, 11 फरवरी (आईएएनएस)। देश में जीका का पहला मामला सामने आने के बाद चीन ने अपनी सीमा पर व शेनझेन में निगरानी बढ़ा दी है।

समाचार एजेंसी एफे की गुरुवार की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य व परिवार नियोजन आयोग द्वारा मंगलवार को वेनेजुएला से वापस लौटी एक महिला के जीका विषाणु से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद शेनझेन प्रवेश-निकास इंस्पेक्शन एंड क्वारंटाइन ब्यूरो अपनी सीमा पर कड़ी चौकसी करेगा।

अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं को दक्षिणी अमेरिका की अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी है, क्योंकि विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि जीका विषाणु से संक्रमित गर्भवती महिलाओं के बच्चे माइक्रोसिफैली (मस्तिष्क का विकसित न होना) से ग्रस्त होते हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन ने हालांकि बुधवार को इस बात का आश्वासन दिया कि जीका के प्रभाव वाले इलाके की अधिकांश महिलाएं सामान्य बच्चे को जन्म देंगी।

लैटिन अमेरिका व कैरीबिया के 30 देशों में जीका विषाणु पाया गया है। साथ ही कई अन्य क्षेत्रों से भी इसके मामले सामने आए हैं, जहां यह विषाणु संक्रमित व्यक्ति की यात्रा करने से पहुंचा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493