लंदन, 7 नवंबर (आईएएनएस)। घुटने की चोट के कारण इंग्लैंड के तेज गेंदबाज स्टीवन फिन आस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली एशेज सीरीज से बाहर हो गए हैं।
फिन को पर्थ में पहले दिन अभ्यास के दौरान बल्लेबाजी करते हुए घुटने में चोट लगी थी। उन्हें उस समय चोट से उबरने के लिए इजेंक्शन दिया गया था। हालांकि उनकी चोट अभी तक ठीक नहीं हुई है।
फिन अगले 48 घंटों में स्वदेश लौटेंगे। जहां वे घुटने के विशेषज्ञ से अपना इलाज कराएंगे।
इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट (ईसीबी) ने एक बयान जारी कर कहा है, “स्टीवन फिन आस्ट्रेलिया दौरे पर इंग्लैंड टीम में नहीं होंगे। स्कैन से पता चला है कि उनके घुटने में चोट है।”
बयान में कहा गया है, “मिडिलसेक्स के इस तेज गेंदबाज को पिछले सप्ताह पर्थ में अभ्यास के दौरान चोट लग गई थी। वह अगले 48 घंटे में स्वदेश लौटेंगे जहां वे घुटने के विशेषज्ञ से मिलेंगे और सलाह लेंगे कि उन्हें ऑपरेशन की जरूरत है या नहीं।”
बयान में कहा गया है, “इंग्लैंड जल्द ही उनके विकल्प का ऐलान करेगा।”
इंग्लैंड को इस सीरीज में आने से पहले ही बड़ा झटका लगा है। उसके स्टार हरफनमौला खिलाड़ी बेन स्टोक्स पहले ही ब्रिस्टल विवाद के कारण टीम में नहीं हैं। फिन को उनके स्थान पर टीम में चुना गया था। टोबी रोलैंड जोंस भी चोट के कारण इंग्लैंड टीम से पहले ही बाहर हैं।
एशेज की शुरुआत 23 नवंबर से ब्रिस्बेन में हो रही है।
dharmpath.com dharmpath