तेजस्वी ने उपमुख्यमंत्री रहते निजी कंपनी के चेक जारी किए : सुशील मोदी

पटना, 7 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने यहां मंगलवार को एक बार फिर राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद के परिवार पर निशना साधते हुए आरोप लगाया कि तेजस्वी प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री रहते हुए भी एक निजी कंपनी का चेक काटते (जारी करते) रहे।

भाजपा नेता ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “तेजस्वी यादव ने उपमुख्यमंत्री बनने के एक दिन पहले 9 नवंबर, 2015 को निजी कंपनी ए.बी. एक्सपोर्ट के निदेशक पद से इस्तीफा दे दिया था, फिर भी 12 फरवरी, 2016 तथा 9 फरवरी, 2016 को मेसर्स ओलिव ओवरसीज प्राइवेट लिमिटेड, नक्षत्रा लिमिटेड और यश ज्वेलर्स लिमिटेड के नाम से चेक निर्गत करते रहे।”

उन्होंने दावा किया कि तेजस्वी यादव ने आयकर अधिकारियों को पूछताछ में बताया कि सोने, हीरे की जिन पांच कंपनियों ने एक-एक करोड़ के पांच करोड़ रुपये के ब्याजमुक्त ऋण उन्हें दिए हैं, उनको वे नहीं जानते हैं।

मोदी ने सवालिया लहजे में कहा, “वे कंपनियों को नहीं जानते हैं, परंतु वे उनको चेक निर्गत करते हैं, यह कितनी हास्पास्पद बात है।”

उपमुख्यमंत्री ने दावा किया कि लालू प्रसाद का पूरा परिवार माफियाओं से लाभ लेता रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बालू माफिया जहां इन्हें फ्लैट खरीदकर देते हैं, वहीं शराब माफिया इन्हें लाखों का कर्ज देकर उस कर्ज को माफ कर देते हैं।

उन्होंने कहा कि शराब माफिया अमित कत्याल ने तेजस्वी यादव को 30.26 लाख और तेजप्रताप यादव को 55.51 लाख रुपये कर्ज दिया और बाद में अपने मन से इस कर्ज को माफ कर दिया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर अमित कत्याल ने तेजस्वी और तेजप्रताप के लाखों का कर्ज ऐसे ही क्यों माफ कर दिया, इसके पीछे क्या राज छुपा है?

मोदी ने यह भी आरोप लगाया कि कत्याल की कंपनी ट्राएंगल ट्रेडिंग ने तेजस्वी को साल 2010 में 9.50 लाख रुपये की एक कार भी दी।

मोदी ने नोटबंदी को भी सही ठहराते हुए कहा कि इससे पहले किसी सरकार ने कालेधन के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को यह बताना चाहिए कि देश में क्या गलत हो रहा है, क्या काला धन के खिलाफ होना गलत बात है?

उन्होंने नोटबंदी की सालगिरह पर विपक्षियों द्वारा ‘काला दिवस’ मनाए जाने पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन्हें काला धन से प्यार है, वे काला दिवस मना रहे हैं और भाजपा पूरे बिहार में बुधवार को ‘काला धन विरोध दिवस’ मनाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493