नई दिल्ली, 27 मई (आईएएनएस)। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा है कि रविवार को असम राइफल्स के काफिले पर हुआ हमला सुनियोजित नहीं था और यह संभवत: जवानों के चौकस न रहने के कारण हुआ।
रक्षा मंत्री ने आईएएनएस को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि जवानों ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
मंत्री ने कहा, “हमला प्रथम दृष्टया यह संकेत देता है कि उस वक्त हमारे जवान पूरी तरह चौकस नहीं थे। एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) का पालन नहीं किया गया, रोड ओपनिंग पार्टी को नहीं भेजा गया।”
उन्होंने कहा, “वे चौकस नहीं थे। यह सुनियोजित हमला नहीं था। मुझे जो सूचना मिली है, उसके मुताबिक हमला अचानक हुआ। लेकिन हमने उसका मुंहतोड़ जवाब दिया।”
मणिपुर के चंदेल जिले में उग्रवादियों ने रविवार को असम राइफल्स के काफिले पर हमला कर दिया था, जिसमें एक जूनियर कमिशंड ऑफिसर तथा पांच जवान शहीद हो गए थे।
इस हमले ने इसी जिले में पिछले साल हुए एक अन्य हमले की याद दिला दी, जब भारतीय सेना के काफिले पर उग्रवादियों के आईईडी व रॉकेट हमले में कम से कम 18 जवान शहीद हो गए थे।
घटना के तुरंत बाद भारत-म्यांमार सीमा पर एक अभियान चलाया गया, जिसमें उग्रवादियों के दो ठिकानों को नष्ट कर दिया गया। सेना ने मारे गए उग्रवादियों की संख्या का खुलासा नहीं किया था।
dharmpath.com dharmpath