आशंका जताई जा रही है कि आग लगाई गई है। लाखों रुपये के कपड़े जलकर खाक हो गए हैं। दमकल वाहन, पुलिस और नागरिकों की मदद से आग पर करीब छह घंटे बाद काबू पाया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पिथौरा थाना निरीक्षक सालिकराम धृतलहरे ने कहा कि बाजार चौक में उत्तम सिंह टुटेजा की गुरुकृपा क्लाथ स्टोर्स में रविवार रात करीब डेढ़ बजे आग लगी थी। बाजार से गुजर रहे योगेश अग्रवाल ने दुकान से धुआं उठता देख इसकी सूचना दुकान संचालक को दी। मौके पर पहुंचे दुकान संचालक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने तुरंत पिथौरा नगर पंचायत के दमकल वाहन को मौके पर भेजा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के व्यवसायी सहयोग के लिए पहुंच गए। आग इतनी फैल चुकी थी कि, बागबाहरा के दमकल वाहन की भी मदद लेनी पड़ी। करीब चार दमकल वाहनों की मदद से सुबह 7 बजे तक आग पर काबू पाया गया।
थाना प्रभारी ने कहा कि आग नीचे से ऊपर की ओर पहुंची थी, इस वजह से आग पर काबू पाने में पुलिस और नागरिकों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। खासकर दुकान की दूसरी मंजिल में आग बुझाने के लिए पुलिस और नागरिकों ने सीढ़ी लगाकर वेंटीलेटर से पानी डालकर आग बुझाई।
पार्षद मन्नूलाल ठाकुर, राजू सिन्हा, योगेश अग्रवाल, जितेंद्र सिन्हा सहित अन्य लोगों ने भी आग पर काबू पाने के लिए सहयोग दिया।
इस घटना में दुकान संचालक को करीब 22 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना को लेकर रंजिश की आशंका की भी बात सामने आ रही है। मौके पर पेट्रोल का डब्बा पड़ा हुआ मिला है।
पिथौरा थाना निरीक्षक ने कहा कि पुलिस घटना की जांच के लिए आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही है।
dharmpath.com dharmpath