छग के 36 लाख बच्चों को रविवार से पिलाई जाएगी पोलियो खुराक

रायपुर, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान का दूसरा चरण रविवार दो अप्रैल को आयोजित किया गया है। इस अभियान में प्रदेश के 36 लाख से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अजय चंद्राकर ने निर्धारित आयु के सभी बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने में सहयोग करने के लिए अभिभावकों से अपील की है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा इसके लिए सभी आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गई है।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया, “शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को यह खुराक अनिवार्य रूप से पिलाई जाएगी। दो अप्रैल को टीकाकरण केंद्रों में दवा पिलाने के बाद 3 से 4 अप्रैल को स्वास्थ्य कार्यकर्ता छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर दवा पिलाएंगे। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए निजी अस्पताल एवं नर्सिग होम की मदद ली जाएगी।”

अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में लगभग 36 लाख एक हजार 877 बच्चों को पोलियो खुराक देने के लिए करीब 14 हजार 408 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। अभियान के लिए 28 हजार 816 टीमें गठित की गई है।

अधिकारियों ने कहा, “अभियान के तहत जिले की पहुंच विहीन दूरस्थ क्षेत्रों, झुग्गी झोपड़ी, मलिन बस्ती, ईंट भट्ठा, अस्थायी बसाहटों आदि क्षेत्रों के बच्चों को दवा पिलाई जाएगी। इसके साथ ही बच्चों को बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन आदि स्थानों पर ट्रांजिट दलों के माध्यम से बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त मेला और हाट बाजारों में भी दवा पिलाने के लिए स्वास्थ्य दलों को तैनात किया जाएगा। शहर के बड़े आवासीय क्षेत्रों में ही पोलियो बूथ सेंटर बनाया गया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493