छग : नक्सलियों का दंडकारण्य बंद, बसों के पहिये थमे

रायपुर, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों के दंडकारण्य बंद के आह्वान का शुक्रवार को काफी असर दिखा। नक्सल प्रभावित इलाकों में यात्री बसों के पहिये पूरी तरह से थमे हुए हैं।

पुलिस के मुताबिक, कोंटा क्षेत्र में सुन्नम गुड़ा मंदिर के पास नक्सलियों ने आईईडी बम लगा दिया है। इसे सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल का अमला डिफ्यूज करने में लगा हुआ है। पुलिस ने समय पर बम को ढूंढ़ निकाला, इसलिए बड़ी घटना टल गई।

उधर, नारायणपुर में नक्सलियों के दंडकारण्य बंद के कारण यात्री बसें नहीं चलीं। नारायणपुर के साथ ही कोंडागांव, नारायणपुर-अंतागढ़, नारायणपुर-ओरछा मार्ग और नारायणपुर-सोनपुर मार्ग पर परिवहन सेवा पूरी तरह से ठप्प हो गई है। नक्सलियों ने वायुसेना के हमले के विरोध में दंडकारण्य बंद का आह्वान किया है।

दंतेवाड़ा में भी नक्सली बंद की वजह से जिला मुख्यालय से सुकमा-कोंटा मार्ग पर कोई बस नहीं चल रही है। एक-दो छोटे वाहन सड़क पर निकले, लेकिन कटेकल्याण से ही लौट आए। वहीं, जगरगुंडा (सुकमार) मार्ग में गड्ढे खोदे जाने की सूचना है।

पुलिस ने बताया कि कोयलीबेड़ा थाने से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर कोयलीबेड़ा-परतापुर मार्ग को नक्सलियों ने 15 पेड़ गिराकर बंद कर दिया है। वहां रास्ते पर कई बैनर व पोस्टर भी लगाए हैं। इसी मार्ग में लगभग तीन किलोमीटर आगे उदनपुर गांव में सीमा सुरक्षा बल का शिविर लगा हुआ है।

उधर, कांकेर के अंदरूनी इलाकों में नक्सलियों के बंद का काफी असर दिखा। अंतागढ़, कोयली बेड़ा और बांदे जाने वाली सड़कें सूनी पड़ी हैं। कुछ जगह पेड़ को काटकर सड़क अवरुद्ध करने की खबरें भी आई हैं। हालांकि अब तक किसी बड़ी वारदात की सूचना नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493