बस्तर आईजी एसआरपी कल्लूरी एवं दंतेवाड़ा एसपी कमलोचन कश्यप ने बताया कि नक्सली रति उर्फ रघु पुंगार माड़वी (30) निवासी पेद्दोजोजेर थाना गंगालूर जिला बीजापुर को गिरफ्तार किया गया है। वह कंपनी नंबर 2 के प्लाटून नंबर 2 का सेक्सन कमांडर एवं पश्चिम बस्तर डिवीजन एक्सन टीम का कमांडर है।
वह वर्ष 2006 से संगठन से जुड़ा और दो साल तक गंगालूर एरिया कमेटी के प्रभारी हरिराम के गनमैन के रूप में काम किया। हरिराम आत्मसमर्पण के बाद से अब पुलिस सेवा में है। वर्ष 2008 से 2009 तक पश्चिम बस्तर एक्सन टीम में और 2009 से 2014 तक नक्सलियों की दक्षिण रीजनल कमेटी में काम करते हुए टीम का कमांडर बना था। लंबे समय तक सक्रिय रहने के कारण रति जिले के चप्पे-चप्पे से वाकिफ हो गया था। रति दंतेवाड़ा जिले में आत्मसमर्पण किए गए सभी पूर्व नक्सलियों को पहचानता है, इस कारण उसे रेकी करने के उद्देश्य से भेजा गया था।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी से पूछताछ करने पर वह थाना फरसपाल के ग्राम गोदपाल में वर्ष 2011 में एसपीओ मुन्नाराम मरकाम की हत्या, 2014 में ग्राम कमालूर के लालू भास्कर की हत्या, मई 2015 में ग्राम केशापुर के सुक्कूराम ओयामी एवं ग्राम गोदपाल के चितरंजन भास्कर की हत्या करना स्वीकार किया है।
dharmpath.com dharmpath