छतरपुर, 2 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से बुधवार की सुबह से लापता हुए विकासखंड चिकित्सा अधिकारी डा. एल.एल. अहिरवार देर रात को जबलपुर में मिले। डॉ. अहिरवार की कार दमोह में मिलने और मोबाइल के बंद होने के बाद से उनके परिवार के सदस्य और पुलिस चिंतित थी।
बक्स्वाहा थाने के प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि डॉ. अहिरवार बुधवार सुबह अपने बक्स्वाहा स्थित आवास से बांध पर नहाने गए थे लेकिन वह दोपहर तक घर नहीं लौटे तो उनका परिवार परेशान हो गया। उनका मोबाइल भी बंद था जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
मिश्रा के मुताबिक, डॉ अहिरवार अपनी कार को दमोह में एक मेडीकल रिप्रजेंटेटिव को देकर बस से जबलपुर निकल गए फिर भी उनका फोन बंद रहा। देर रात को उनकी लोकेशन जबलपुर सिविल लाइन थाना क्षेत्र की मिली जिसके बाद उन्हें एक होटल से बरामद किया गया।
मिश्रा ने आगे बताया कि वे सकुशल हैं। डॉ. अहिरवार ने पुलिस को बताया कि वह जबलपुर आए थे और उन्होंने इस बारे में परिवार को नहीं बताया था।
dharmpath.com dharmpath