मासूमों से दुराचार करने वालों को कठोर सजा के लिए जनसुरक्षा विधेयक : शिवराज

भोपाल, 2 नवंबर (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार रात को राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रम में मध्य प्रदेश में मासूमों के साथ दुराचार की घटनाओं में आरोपियों को कठोर सजा दिलाने के लिए आगामी विधानसभा सत्र में जनसुरक्षा विधेयक लाने का एलान किया।

चौहान ने मासूमों के साथ होने वाली घटनाओं पर चिंता जताई साथ ही आरोपियों को कठोरतम सजा दिलाने का अपना संकल्प दोहराया। इस संबंध में विधानसभा में विधेयक लाया जाएगा।

चौहान ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि आतंकवाद, भ्रष्टाचार, गरीबी मुक्त, स्वच्छ मध्यप्रदेश बनाने के लिए साढ़े सात करोड़ जनता को संकल्प लेना होगा, अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए आगे आना होगा। सबको मिलकर मध्यप्रदेश को दुनिया का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाना है।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश उनके लिए दुनिया का सबसे प्यारा अद्भुत राज्य है। यहां की जनता उनके लिए भगवान है, वे तो सिर्फ पुजारी हैं। हमारा मध्यप्रदेश अमेरिका, इंग्लैण्ड देशों से कहीं अधिक अच्छा है। इसे देखने के लिये सकारात्मक सोच होना जरूरी है। अपने प्रदेश पर गर्व की भावना होना आवश्यक है। गुलाम मानसिकता के लोग ही दूसरे देश को अपने देश से अच्छा समझ सकते हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों का उचित मूल्य दिलाने के लिए सरकार ने भावांतर भुगतान योजना लागू की है। इससे किसानों को फसलों की उचित कीमत मिल रही है और उनके हितों की रक्षा हुई है। भावांतर भुगतान योजना के बारे में भ्रम पैदा करने के प्रयास सफल नहीं होंगे।

मुख्यमंत्री ने रमाकांत-उमाकांत गुंदेजा बंधुओं, अमृतलाल बेगड़, जनक पल्टा, हरचंदन सिंह भाटी को मध्यप्रदेश गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया। संस्कृति राज्य मंत्री सुरेन्द्र पटवा ने अतिथियों का स्वागत किया।

समारोह में कवि शैलेश लोढ़ा ने हास्यरस रचनाओं से श्रोताओं को आनंदित किया। शैलेन्द्र के निर्देशन में नृत्य नाटिका ‘श्रीकृष्ण’ की भावपूर्ण प्रस्तुति हुई जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पाश्र्व गायिका श्रेया घोषाल के गीतों ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। प्रारंभ में सुहासिनी जोशी ने मध्यप्रदेश गान का गायन किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493